गिरिडीह में भाजपा महानगर की बैठक आयोजित, प्रशिक्षण शिविर को लेकर बनी रणनीति।
SHIKHAR DARPANSaturday, March 07, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह भारतीय जनता पार्टी महानगर की एक आवश्यक बैठक जिला कार्यालय हरिचक में महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी प्रशिक्षण शिविर को लेकर योजना तैयार करना था।बैठक में कोडरमा के पूर्व जिला अध्यक्ष नीतिश चंद्रवंशी बतौर प्रभारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर कार्यकर्ताओं को सात विषयों पर सात सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है और उन्हें संगठन के प्रति संकल्प दिलाया जाता है। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष अपने-अपने मंडलों में बैठक की तिथि जिला कमेटी को देंगे, जिसके बाद प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर के संयोजक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष यदुनंदन पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अन्य पार्टियों से अलग है।
यहां कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर सामाजिक दायित्वों को समझने और संगठनात्मक कार्यों को बेहतर तरीके से करने का अवसर दिया जाता है। मंडलों में बैठक कर कार्य योजना तैयार की जाती है। जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने बताया कि गिरिडीह महानगर में प्रशिक्षण शिविर के लिए यदुनंदन पाठक को संयोजक बनाया गया है, जबकि श्याम कुमार, संजीव कुमार और शालिनी वैश्खीयार को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि 20 मार्च से 14 अप्रैल तक महानगर के सभी 16 मंडलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर की शुरुआत शाम 4 बजे से होगी और रात्रि विश्राम भी शिविर स्थल पर ही होगा।
अगले दिन शाम 4 बजे शिविर का समापन किया जाएगा, जो कुल 24 घंटे का होगा। प्रत्येक सत्र में अलग-अलग वक्ता शामिल होंगे और इसके लिए जल्द ही पूरी टीम की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जिले में टोली बनाई गई है, उसी तरह मंडलों में भी एक संयोजक और दो सह-संयोजकों की टोली बनाई जाएगी, जिन्हें पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा और वही शिविर में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। बैठक में महादेव दुबे, एंथोनी स्वामी, सिकंदर हेंब्रम, नवीन सिन्हा,प्रो० विनीत कुमारी, संगीता सेठ, राजेश जायसवाल, मिथुन चंद्रवंशी, संत कुमार लल्लू, सुमन सिन्हा, सदानंद वर्मा, मनोज पांडे, अजय सिंह, सौरभ मिश्रा, देवराज, अरविंद राय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।