Type Here to Get Search Results !

नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय चेती छठ व्रत, भक्तिमय हुआ वातावरण।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महान पर्व चेती छठ व्रत आज नहाय-खाय के साथ विधिवत शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन व्रत को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही व्रती महिलाएं और पुरुष पवित्र नदियों, तालाबों एवं घरों में स्नान कर शुद्धता के साथ व्रत की शुरुआत की।नहाय-खाय के दिन व्रती शुद्ध और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं, जिसमें कद्दू-भात और चने की दाल का विशेष महत्व होता है। इस दिन घरों की साफ-सफाई के साथ पूरे वातावरण को पवित्र किया जाता है। व्रती पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ व्रत का संकल्प लेते हैं।चेती छठ, जिसे चैत्र मास में मनाया जाता है, सूर्य देव और छठी मैया की आराधना का पर्व है। यह पर्व विशेष रूप से संतान की सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और समाज में शांति की कामना के लिए किया जाता है।

आगामी दिनों में व्रती खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ इस व्रत को पूर्ण करेंगे। खरना के दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को गुड़-खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। वहीं तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन होता है। प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में घाटों की साफ-सफाई और सजावट का कार्य भी तेज हो गया है। प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।चेती छठ के इस पावन अवसर पर पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूब गया है और हर ओर छठी मैया के गीत गूंजने लगे हैं। श्रद्धालु पूरी आस्था और विश्वास के साथ इस कठिन व्रत को निभाने में जुटे हुए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.