Type Here to Get Search Results !

इलाज के दौरान महिला की मौत, विश्वनाथ नर्सिंग होम में परिजनों का हंगामा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

नगर थाना क्षेत्र स्थित विश्वनाथ नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो जाने के बाद सोमवार को अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में ही धरना दे दिया।मृतका की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के जितकुंडी निवासी 35 वर्षीय नीलम कुमारी, पति मुकेश मंडल के रूप में हुई है। मृतका के पति मुकेश मंडल ने बताया कि बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए 14 मार्च को नीलम कुमारी को विश्वनाथ नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से पहले अस्पताल में इलाज के लिए पैसे जमा किए गए थे और खून की भी व्यवस्था कर दी गई थी। उनका कहना है कि ऑपरेशन के बाद सोमवार को अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई।परिजनों का आरोप है कि जब वे लोग मरीज से मिलने की कोशिश कर रहे थे तो अस्पताल प्रबंधन की ओर से मिलने नहीं दिया जा रहा था और कहा जा रहा था कि इलाज चल रहा है।

परिजनों के अनुसार बार-बार पर्दा लगाकर उन्हें बाहर रखा गया। कुछ देर बाद जब महिला की मौत की सूचना मिली तो परिजन जबरन अंदर जाने लगे। इसी दौरान अस्पताल कर्मियों और परिजनों के बीच कहासुनी हो गई और मारपीट की नौबत आ गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने उनके साथ मारपीट भी की।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब महिला की हालत गंभीर थी तो अस्पताल प्रबंधन ने समय पर रेफर नहीं किया, जबकि वे लोग लगातार रेफर करने की मांग कर रहे थे। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में धरना देते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह और इंस्पेक्टर मंटु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.