डुमरी में ईद-उल-फितर हर्षोल्लास व भाईचारे के साथ मनाई गई।
SHIKHAR DARPANSaturday, March 21, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुस्लिम समुदाय के पवित्र रमजान माह की समाप्ति के पश्चात शनिवार को डुमरी क्षेत्र में खुशियों, आपसी भाईचारे एवं सौहार्द का पर्व ईद-उल-फितर बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रखंड के डुमरी, इसरी, रांगामाटी, निमियाघाट, मधुपुर, पोरदाग, खाखी, गट्टीगढ़ा, धावाटांड़, परसाबेड़ा, भावानन्द, नावाटांड़, अमरा सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित मस्जिदों एवं ईदगाहों में इस्लाम धर्म के अनुयायियों ने शांतिपूर्ण वातावरण में सामूहिक नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद लोगों ने दिन-हीन एवं जरूरतमंदों को फ़ित्र (दान) देकर मानवता का संदेश दिया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। नमाज़ से पूर्व पेशइमामों ने रमजान के महत्व, जकात एवं संयम के बाद आने वाले इस पर्व की विशेषता पर प्रकाश डाला तथा सभी के लिए सुख-शांति और बरकत की दुआ की।
पर्व के मद्देनज़र प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद, पुलिस इंस्पेक्टर राजेन्द्र प्रसाद, डुमरी थाना प्रभारी प्रणीत पटेल एवं निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार अपने दल-बल के साथ विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद नजर आए। एक माह तक लगातार रोज़ा रखने के बाद लोगों ने शनिवार को दिन में भोजन किया। इस अवसर पर बच्चे, बुजुर्ग, युवा, महिलाएं एवं पुरुष सभी नए वस्त्रों में सुसज्जित एवं खुश नजर आए। ईद के मौके पर विशेष रूप से मीठी सेवइयां खाई और खिलाई गईं। नमाज़ के बाद दिनभर लोगों का एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला जारी रहा। खास बात यह रही कि हिंदू समुदाय के लोगों ने भी अपने मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई देकर आपसी सौहार्द और एकता की मिसाल पेश की।