Type Here to Get Search Results !

तेज रफ्तार बनी काल: बुलेट की चपेट में आकर 7 साल के मासूम की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को हीरोडीह थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, करिहारी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास गोलू यादव नामक बच्चा सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे बुलेट सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा आनन-फानन में उसे बेहतर इलाज के लिए राजधनवार से धनबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतक के दादा ने बताया कि बच्चा सामान्य रूप से सड़क पार कर रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही हीरोडीह, जमुआ और राजधनवार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।मौके पर पहुंचे सीओ नरेश कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत कर मुआवजा देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम हटा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।

इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.