विधानसभा में गूंजी नवडीहा व हीरोडीह को प्रखंड बनाने की मांग।
SHIKHAR DARPANMonday, March 09, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ विधानसभा क्षेत्र की विधायक मंजु कुमारी ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को सदन में उठाते हुए नवडीहा एवं हीरोडीह को अलग प्रखंड बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जमुआ विधानसभा क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से काफी विस्तृत है, जिसके कारण ग्रामीणों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए भी दूर स्थित प्रखंड मुख्यालय तक जाना पड़ता है।विधायक ने सदन को अवगत कराया कि नवडीहा और हीरोडीह क्षेत्र की बड़ी आबादी लंबे समय से अलग प्रखंड की मांग कर रही है। वर्तमान व्यवस्था में लोगों को प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा सहित अन्य सरकारी कार्यों के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि यदि नवडीहा और हीरोडीह को प्रखंड का दर्जा दिया जाता है, तो क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध होंगी। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ भी समय पर लोगों तक पहुंच सकेगा और प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी।विधायक मंजु कुमारी ने कहा कि नया प्रखंड बनने से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में तेजी आएगी और स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था भी मजबूत होगी।उन्होंने राज्य सरकार से इस जनहित से जुड़े मुद्दे पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए नवडीहा एवं हीरोडीह को प्रखंड का दर्जा देने की दिशा में जल्द आवश्यक पहल करने की मांग की। साथ ही कहा कि वह जमुआ विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं और मांगों को सदन में मजबूती से उठाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध हैं।