Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, किसानों के चेहरे खिले।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

बुधवार को जिले में हुई झमाझम बारिश ने मौसम को पूरी तरह से सुहाना बना दिया। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। वहीं इस बारिश ने बागवानी और सब्जी की खेती करने वाले किसानों के चेहरे भी खिला दिए हैं।बारिश के बाद देर शाम तक हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। इस दौरान कुछ समय के लिए तेज हवा भी चली, लेकिन जल्द ही थम गई। खास बात यह रही कि बारिश के दौरान आकाशीय बिजली नहीं कड़की, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

किसानों के अनुसार, यह बारिश साग-सब्जियों की खेती के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। तेज धूप के कारण मुरझा रहे फसलों को नई जिंदगी मिली है। सब्जी उत्पादक किसानों का कहना है कि गर्मी के चलते इस बार नदी-तालाब और चुआ का पानी काफी हद तक सूख गया था, जिससे सिंचाई में परेशानी हो रही थी।अब बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे किसान जल्द ही जोताई का काम शुरू करेंगे। इस बारिश ने न केवल मौसम को खुशनुमा बनाया, बल्कि खेती-किसानी के लिए भी नई उम्मीद जगा दी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.