गिरिडीह में त्योहारों को लेकर नगर निगम की पहली समीक्षात्मक बैठक, जनसमस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा।
SHIKHAR DARPANWednesday, March 18, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
आगामी त्योहारों—ईद, चैती छठ और रामनवमी—को लेकर नगर निगम की पहली समीक्षात्मक बैठक नए परिसदन भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर प्रमिला मेहरा ने की, जबकि उप महापौर सुमित कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्ड पार्षदों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तार से रखा।बैठक में पार्षदों ने सड़क की बदहाल स्थिति, जलापूर्ति में अनियमितता, साफ-सफाई की कमी, बिजली आपूर्ति की समस्याओं सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कई पार्षदों ने त्योहारों के मद्देनजर विशेष सफाई अभियान चलाने, जलापूर्ति दुरुस्त करने और रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
महापौर प्रमिला मेहरा ने सभी पार्षदों की बातों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी की जाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।उप महापौर सुमित कुमार ने कहा कि नगर निगम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने पार्षदों से समन्वय बनाकर काम करने की अपील भी की, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।बैठक के अंत में पार्षदों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने शहर के विकास एवं बेहतर व्यवस्था के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।