घर-घर नल-जल के नाम पर मिला धोखा राजेश यादव/फॉरवर्ड ब्लॉक ने दी आंदोलन की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANSunday, March 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की एक टीम ने आज सदर प्रखंड के बजटो तथा बेरदोंगा पंचायत क्षेत्र का दौरा कर वहां व्याप्त पेयजल संकट का जायजा लिया। इस दौरान पता चला कि, अधिकांश गांवों में पेयजल की योजना कारगर नहीं है। लोग पानी के लिए यहां-वहां भटकने को मजबूर हैं। मौके पर चपरडीहा गांव में एक-एक घरों का दौरा कर उनकी समस्या का जायजा लिया गया। टीम की अगुवाई कर रहे पूर्व जिप सदस्य एवं फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि, ऐसा लगता है नल-जल योजना के नाम पर जनता को धोखा दिया गया है। कहा कि, चपरडीहा गांव में एक भी घर को पानी नहीं मिल रहा है। यही स्थिति आसपास के गांवों की भी है।
लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व इस योजना को शुरू किया गया और घरों के सामने नल लगा दिए गए। लेकिन लोग अभी भी पानी के लिए तरस रहे हैं।श्री यादव ने स्थानीय विधायक, सांसद सहित जिला प्रशासन को इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर समस्या समाधान की मांग की, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।मौके पर पार्टी नेता मनोज कुमार यादव, संजय चौधरी, संतोष राय, मुकेश यादव सहित बलदेव कोल, कैला कोल, नीरो कोल, सुकर कोल, दशरथ कोल, भीखन कोल, राजू कोल, गोपाल कोल, मेघु कोल, अनाड़ी देवी, कुंती देवी, उगनी देवी, अनीता देवी, रेखा देवी व अन्य मौजूद थे।