जमुआ में बरात से लौट रहे युवकों पर जानलेवा हमला, एक गंभीर।
SHIKHAR DARPANSunday, March 08, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ थाना क्षेत्र में बरात से लौट रहे चार युवकों पर अज्ञात हमलावरों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया है।मिली जानकारी के अनुसार जमुआ थाना क्षेत्र के गरडीह गांव निवासी कुलदीप कुमार (उम्र लगभग 32 वर्ष), पिता डीलचंद महतो अपने तीन साथियों प्रवीण कुमार वर्मा, पिता नालेश्वर वर्मा, बिरेंद्र कुमार वर्मा, पिता हेमचंद्र वर्मा तथा कुंदन कुमार वर्मा, पिता मणीलाल महतो के साथ 5 मार्च को करिचटना गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बताया गया कि वे लोग कन्यापक्ष की ओर से बरात में शामिल होने पहुंचे थे।शादी का कार्यक्रम और भोजन संपन्न होने के बाद सभी लोग रात में दो अलग-अलग मोटरसाइकिल से अपने गांव वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान मधवा (आदिवासी टोला) के पास एक सफेद रंग की टाटा पंच कार ने ओवरटेक कर उनकी बाइक के सामने गाड़ी खड़ी कर दी बताया गया कि कार से 5 से 6 लोग उतरकर लाठी-डंडा और अन्य हथियार के साथ युवकों पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में प्रवीण कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह अन्य युवक मौके से भागने में सफल हुए और शोर-शराबा करने लगे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण बाहर निकले, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले।घटना के दौरान हमलावरों ने युवकों के पास मौजूद लगभग 3,500 से 4,000 रुपये नकद भी छीन लिए। भागने के दौरान युवकों ने हमलावरों की टाटा पंच कार का अंतिम नंबर 1451 देखा।पीड़ितों ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि हमलावरों में पर्वतो गांव निवासी बिपिन प्रजापति, पिता प्रकाश प्रजापति और उसके 3-4 साथी शामिल थे, जो उसी बरात में शामिल होने आए थे।घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने थाना में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।