गिरिडीह:- फीस विवाद को लेकर संत जोसेफ स्कूल में तीसरे दिन भी हंगामा, सैकड़ों अभिभावकों का धरना।
SHIKHAR DARPANThursday, March 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह शहर के संत जोसेफ स्कूल में फीस वृद्धि को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार तीसरे दिन भी अभिभावकों का आक्रोश फूट पड़ा और सैकड़ों की संख्या में लोग स्कूल गेट पर धरना-प्रदर्शन करने पहुंचे।अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा एडमिशन फीस, वार्षिक शुल्क और डेवलपमेंट चार्ज समेत कई मदों में मनमानी की जा रही है। पिछले तीन दिनों से अभिभावक प्राचार्य से बातचीत की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके अनुपस्थित रहने से स्थिति और बिगड़ गई है।बुधवार को करीब 400 से 500 अभिभावक स्कूल गेट पर जमा हो गए और प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस की मौजूदगी में स्कूल सेक्रेटरी और अभिभावकों के बीच बैठक भी हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।अभिभावकों ने फीस में पारदर्शिता, अतिरिक्त शुल्क की वापसी और प्राचार्य से सीधे संवाद की मांग रखी। वहीं प्रबंधन ने मामले पर विचार करने का आश्वासन दिया, जिससे अभिभावक संतुष्ट नहीं दिखे।बैठक में वार्ड पार्षद संजीव कुमार भी मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन पाई।अभिभावकों का कहना है कि पहले ऐसी स्थिति नहीं थी और पुराने प्राचार्य समस्याओं का समाधान करते थे, लेकिन वर्तमान व्यवस्था से वे नाराज हैं। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप हैक होने का आरोप भी सामने आया है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।फिलहाल पुलिस ने स्थिति को शांत करा दिया है, लेकिन अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।