रामनवमी जुलूस मार्ग विवाद को लेकर चिरूडीह-मंझलीडीह में प्रशासन की बैठक, शांति बनाए रखने की अपील।
SHIKHAR DARPANSunday, March 15, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
खुखरा थाना क्षेत्र के चिरूडीह एवं मंझलीडीह गांव में पिछले वर्ष रामनवमी जुलूस के मंझलीडीह होकर गुजरने को लेकर हुए विवाद के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में रविवार को चिरूडीह और मंझलीडीह गांव के बीच स्थित प्राथमिक विद्यालय मंझलीडीह में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता डुमरी अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता तथा डुमरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुमित कुमार ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर पीरटांड़ प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मराड़ी, पीरटांड़ अंचल अधिकारी ऋषिकेश मरांडी, डुमरी पुलिस निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद और खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप भी उपस्थित रहे।बैठक में चिरूडीह और मंझलीडीह गांव के ग्रामीण सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों गांवों के लोगों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आपसी सहमति व समझदारी के साथ समाधान निकालने का प्रयास किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह या विवाद से दूर रहने की अपील की।अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि रामनवमी जैसे धार्मिक और आस्था के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने यह भी कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है। इसलिए सभी लोग आपसी समझदारी और समन्वय के साथ त्योहार को सफल बनाने में सहयोग करें। बैठक के दौरान दोनों गांवों के लोगों ने भी शांति और सौहार्द बनाए रखने का भरोसा दिलाया।