Type Here to Get Search Results !

हिरोडीह में ज्वेलरी व्यवसायियों से लाखों की लूट, फायरिंग से दहशत।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जमखोखरो–आनंद पब्लिक स्कूल के समीप रविवार रात अज्ञात अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। चार बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलरी व्यवसायी पुनीत सोनार और प्रकाश स्वर्णकार को निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर सोना–चांदी के गहनों से भरा बैग छीन लिया और फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, झालूडीह निवासी दोनों व्यवसायी अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने सुनसान स्थान पर उनकी स्कूटी को रोक लिया। बदमाशों ने स्कूटी को धक्का देकर दोनों को सड़क पर गिरा दिया और हथियार दिखाकर करीब 3 से 4 किलो चांदी के जेवरात व लगभग 17 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की।घटना की सूचना मिलते ही खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद, जमुआ इंस्पेक्टर समेत हिरोडीह, घोड़थम्भा ओपी और धनवार थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। एसडीपीओ ने बताया कि पीड़ित पुनीत सोनार की कोदम्बरी में ज्वेलर्स की दुकान है। आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी (विशेष जांच टीम) का गठन किया गया है।फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके में इस घटना के बाद भय का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.