बच्चों से भरी स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद जगा शिक्षा विभाग, निजी विद्यालयों को नोटिस ।
SHIKHAR DARPANSaturday, March 14, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
पिछले 1 महीने में दो - दो स्कूली वैन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शिक्षा विभाग की कुम्भकर्णी नींद आखिर टूट ही गई। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तिसरी के कार्यालय से शुक्रवार को नोटिस जारी कर क्षेत्र में संचालित सभी निजी विद्यालयों को नोटिस कर उनके विद्यालय में चल रहे वैन का रजिस्ट्रेशन , गाड़ी का प्रकार, फिटनेस, इंश्योरेंस, प्रदूषण पेपर के साथ चालक का ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावे यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्कूल वैन का रंग पीला ही होना चाहिए। अयोग्य वाहन के प्रयोग पर तत्काल प्रभार से रोक लगाई जा रही है। इसके बावजूद भी निजी विद्यालय यदि अयोग्य वाहन का प्रयोग करते हैं तो उनपर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
*इन विद्यालयों को किया गया नोटिस* कार्यालय से जामिया इस्लामिया दारुल उलूम ककनी,ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल,विवेकानंद आवसीय विद्यालय,एसटी मेरिस उच्च विद्यालय तिसरी,द लिटिल कैब स्कूल पंचरुखी, उज्जवल पब्लिक स्कूल,आर्या पब्लिक स्कूल,एमडीएस पब्लिक स्कूल तिसरी,एमएस एसटी मेरी पालमो,प्रोजेक्ट गर्ल हाई स्कूल तिसरी,सृजन पब्लिक स्कूल भंडारी,एचआर पब्लिक स्कूल,सरस्वती साधना मंदिर,ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल,हंजला पब्लिक स्कूल पलमरुआ,सरस्वती बाल मंदिर,एमएस एसटी एंथोनी तिलकीमारन, संत जेवियर पब्लिक स्कूल नयनपुर,आदर्श हाई स्कूल लक्ष्मीपुर,ज्ञानोदय रेजिडेंसियल पब्लिक स्कूल,गोल्डन पब्लिक स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल तिसरी ( दोनों बगैर यूडायस ) को नोटिस करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है।
*31 दिनों में हो चुकी है दूसरी घटना* बीते शुक्रवार को तिसरी के आर्या पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी वैन ब्रेक फेल होने से सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा गिरी। हालांकि दुर्घटना में बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने फौरन बच्चों को वैन से निकाला, वहीं तिसरी पुलिस ने उक्त गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। गाड़ी के कागजात ऑनलाइन चेक करने पर पता चला कि वह गाड़ी 21 साल पुरानी है, जिसका रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस,पोल्यूशन सब फेल है। हालांकि यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले ही तिसरी के उज्जवल पब्लिक स्कूल के बच्चों से भारी वैन भी इसी प्रकार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। जिसमें कई बच्चे गंभीर रूप से घायल भी हो गए थे। उक्त वाहन का भी ऑनलाइन फिटनेस, इंश्योरेंस फेल बता रहा था। *विद्यालयों को किया गया है नोटिस, जांचोपरांत दोषियों पर होगी कार्रवाई: एसडीएम* मामले को लेकर पूछे जाने पर खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन ने दूरभाष पर कहा कि इस घटना को लेकर प्रशासन गंभीर है। भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए अनुमंडल अंतर्गत सभी प्रखंडो में संचालित निजी विद्यालयों को नोटिस जारी कर संबंधित कागजातों की मांग की जा रही है । जांचोपरांत दोषी विद्यालयों के प्रबंधक पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी ।