Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में शनिवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार द्वारा की गई। गोष्ठी में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी तथा ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले में दर्ज लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही वारंट एवं कुर्की के लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने, लंबित पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने को कहा गया। उन्होंने माननीय न्यायालय से संबंधित सभी कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने तथा विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा आम जनता से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित और निष्पक्ष समाधान करने पर भी विशेष बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को पर्व-त्योहार के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।इसके साथ ही सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.