Type Here to Get Search Results !

पत्थर लदे हाईवा की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन में लगाई आग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के किसगो रानीबांध गांव के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पत्थर लदे तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवा में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार मृतका बिहार के बांका जिले के बौसी गांव की रहने वाली बताई जा रही है। वह शुक्रवार रात किसगो में अपने एक रिश्तेदार के घर से गादिकला गांव स्थित दूसरे रिश्तेदार के घर पैदल जा रही थी। इसी दौरान रानीबांध के पास तेज रफ्तार पत्थर लदे हाईवा ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। इसी दौरान ग्रामीणों ने हाईवा में आग लगा दी। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अग्निशमन दल को बुलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। थाना प्रभारी महेश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है, जबकि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.