Type Here to Get Search Results !

जल संरक्षण पर जोर: गिरिडीह में विश्व जल दिवस पर कार्यशाला सह सम्मान समारोह आयोजित, मंत्री ने पीएचई अधिकारियों को लगाई फटकार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

विश्व जल दिवस के अवसर पर रविवार को गिरिडीह नगर भवन में पीएचई विभाग की ओर से कार्यशाला सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर देना था। कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, उपायुक्त रामनिवास यादव, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, एसपी डॉ. विमल कुमार, डीडीसी स्मिता कुमारी, जिप अध्यक्ष मुनिया देवी सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही पीएचईडी के दोनों कार्यपालक अभियंता और सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पीएचई विभाग के दोनों कार्यपालक अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

लेकिन अक्सर जलसहियाओं की भूमिका को नजरअंदाज किया जाता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जलसहिया घर-घर जाकर अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं, ऐसे में विभाग को भी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभानी चाहिए। मंत्री ने दोनों एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यों को गंभीरता से लें और जल आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। साथ ही उन्होंने जलसहियाओं को भी उनके कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की नसीहत दी। इस दौरान बगोदर विधायक नागेंद्र महतो और उपायुक्त रामनिवास यादव ने भी जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और लोगों से पानी के सही उपयोग तथा संरक्षण की अपील की। कार्यक्रम के अंत में पीएचई विभाग की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली जलसहियाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.