कुलगो टोल प्लाजा के पास दो ट्रकों से अवैध टीएमटी सरिया बरामद, चालक गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANTuesday, March 10, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
डुमरी थाना पुलिस ने अवैध सामान की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों को पकड़कर भारी मात्रा में टीएमटी बार सरिया बरामद किया है। मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च की रात पुलिस को सूचना मिली कि दो ट्रकों में अवैध सामान की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो टोल प्लाजा के पास जांच के दौरान ट्रक संख्या UP-52BT-2330 और CG-07AU-0417 को रोका गया।जांच में दोनों ट्रकों में लदा टीएमटी बार सरिया पाया गया।
ट्रक चालकों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जीएसटी विभाग से जांच कराई गई, जिसमें पता चला कि संबंधित कागजात का जीएसटी आई एन 15 दिसंबर 2025 से निलंबित है। जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी कागजात के आधार पर टैक्स चोरी करते हुए सरिया का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया और चालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार चालकों में ओम प्रकाश (35 वर्ष), ग्राम पुरवा चौराहा, थाना कोतवाली, जिला देवरिया (यूपी) तथा रंजय कुमार यादव (36 वर्ष), ग्राम सोनारडंगाल, थाना चिरकुंडा, जिला धनबाद शामिल हैं। पुलिस मामले में अन्य संबंधित लोगों की भी तलाश कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।