गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों से जिले में हाहाकार, लोगों में नाराज़गी।
SHIKHAR DARPANFriday, March 13, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के विभिन्न इलाकों में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। बिरनी बरमसिया, विजयडीह, पेशम और भरकट्टा समेत कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इसके कारण लोगों को गैस एजेंसियों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।इधर, रसोई गैस के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आम लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। महंगाई से पहले ही जूझ रहे लोगों के लिए रसोई चलाना मुश्किल होता जा रहा है।स्थानीय लोगों में इस मुद्दे को लेकर भारत सरकार के प्रति नाराज़गी देखी जा रही है।
लोगों का कहना है कि पहले महंगाई पर नियंत्रण का वादा किया गया था, लेकिन अब गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम और किल्लत ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।कई लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने पहले जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि “पहले जनता को घोड़े पर बैठाने की बात कही गई थी, लेकिन अब हालत यह है कि लोगों को गधे पर बैठा दिया गया है।”ग्रामीणों ने केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और कीमतों में कमी लाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति नहीं सुधरी तो आम जनता का आक्रोश और बढ़ सकता है।