जमुआ में कृषि मंडी व आधुनिक कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की मांग, विधायक मंजु कुमारी ने सदन में उठाया मुद्दा।
SHIKHAR DARPANFriday, March 13, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ विधानसभा क्षेत्र की विधायक मंजु कुमारी ने विधानसभा में क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए जमुआ में कृषि मंडी एवं उच्च क्षमता वाले आधुनिक कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की मांग सरकार से की है।विधायक ने कहा कि गिरिडीह जिला अंतर्गत जमुआ विधानसभा क्षेत्र एक प्रमुख कृषि प्रधान इलाका है, जहाँ बड़ी संख्या में किसान सब्जी, फल तथा अन्य फसलों का उत्पादन करते हैं। बावजूद इसके क्षेत्र में अब तक न तो कृषि मंडी की व्यवस्था है और न ही पर्याप्त भंडारण की सुविधा उपलब्ध है।उन्होंने कहा कि मंडी और कोल्ड स्टोरेज के अभाव में किसानों को अपनी उपज को सुरक्षित रखने की सुविधा नहीं मिल पाती, जिसके कारण उन्हें मजबूरन अपनी उपज औने-पौने दामों में व्यापारियों को बेचनी पड़ती है।
इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और उनकी मेहनत का सही मूल्य नहीं मिल पाता विधायक मंजु कुमारी ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जमुआ विधानसभा क्षेत्र में शीघ्र कृषि मंडी की स्थापना के साथ-साथ उच्च क्षमता वाला आधुनिक कोल्ड स्टोरेज भी बनाया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसलों के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिल सके और उन्हें बाजार में उचित मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए यह कदम अत्यंत आवश्यक है साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जमुआ क्षेत्र के किसानों के अधिकार और हितों की आवाज वह लगातार सदन में उठाती रहेंगी।