चैती छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने छठ घाटों का किया निरीक्षण।
SHIKHAR DARPANSunday, March 15, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
लोक आस्था के महापर्व चैती छठ को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रविवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को समय से पहले सभी घाटों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ मेयर प्रमिला मेहरा, उपनगर आयुक्त प्रशांत लायक, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया गया।मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि नगर निगम की ओर से सभी छठ घाटों का सौंदर्यीकरण, प्रवेश द्वार निर्माण, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और अर्घ्य के लिए जल की व्यवस्था की जा रही है। जहां-जहां कमियां पाई गई हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है।
उन्होंने कहा कि घाटों की सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में मजदूर लगाए गए हैं और घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों तथा लाइट व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।बताया गया कि 22 मार्च को नहाय-खाय के साथ महापर्व छठ की शुरुआत होगी। इस दिन व्रती स्नान के बाद कद्दू-भात का सात्विक भोजन करते हैं। 23 मार्च को खरना पूजा होगी, जिसमें मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाया जाता है और इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। 24 मार्च को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 25 मार्च को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।घाटों के निरीक्षण से पहले नए परिषदन भवन में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की अध्यक्षता में एक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में छठ महापर्व को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डीएसपी नीरज कुमार सिंह सहित नगर, मुफ्फसिल और पचंबा थाना के प्रभारी भी मौजूद रहे।