Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में टेंपो-बाइक टक्कर के बाद दो पक्षों में मारपीट, पांच युवक घायल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित चिल्ड्रेन पार्क के समीप शनिवार देर शाम टेंपो और बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में पचंबा थाना क्षेत्र के विशनपुर निवासी पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में आदिल मलिक, महताब शेख, मो. जावेद, मो. फिरोज और मो. चांद शामिल हैं।घटना के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आदिल मलिक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।बताया जाता है कि शनिवार शाम बरमसिया इलाके में टेंपो और बाइक के बीच टक्कर हो गई थी। इस दौरान मामला शांत कराने पहुंचे लोगों से स्थानीय युवकों का विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर घायल पक्ष वहां से निकल गया, लेकिन उनकी तीन मोटरसाइकिलें घटनास्थल पर ही छूट गईं।

कुछ देर बाद जब वे अपनी मोटरसाइकिल लेने चिल्ड्रेन पार्क के पास लौटे, तो दूसरे पक्ष के युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में पांचों युवक घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा।वहीं अस्पताल में घायल पक्ष के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुछ देर तक हंगामा भी किया।इस संबंध में नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। घायल पक्ष को आवेदन देने के लिए कहा गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.