पचम्बा कजरो–पिंडाटांड़ मार्ग पर युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका।
SHIKHAR DARPANSunday, March 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत कजरो–पिंडाटांड़ मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह सड़क किनारे एक पेड़ के पास युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना पिंडाटांड़ से कुछ दूर आगे सड़क किनारे की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों की नजर सड़क किनारे पेड़ के नीचे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना गांव के मुखिया को दी, जिसके बाद पचम्बा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बड़ीयाबाद निवासी 22 वर्षीय इब्राहीम अंसारी उर्फ कारू अंसारी, पिता रहमान अंसारी के रूप में हुई।परिजनों के अनुसार कारू अंसारी पेशे से ट्रैक्टर चालक था। शनिवार रात वह काम की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।मृतक के पिता रहमान अंसारी ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। इधर पुलिस शव को पचम्बा थाना ले आई है और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।