खंडोली सड़क निर्माण में ली गई आदिवासियों की जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग, फॉरवर्ड ब्लॉक ने दी आंदोलन की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANSaturday, March 07, 2026
0
बेंगाबाद,शिखर दर्पण संवाददाता।
खंडोली डैम के समीप निर्माणाधीन सड़क के लिए स्थानीय आदिवासी रैयतों की लगभग 4 एकड़ जमीन लिए जाने के बावजूद अब तक मुआवजा नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इसको लेकर प्रभावित परिवारों में चिंता का माहौल है। रैयतों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क निर्माण के बाद भी लोगों को मुआवजा नहीं मिला, जिससे उन्हें आशंका है कि कहीं उनके साथ भी ऐसा न हो जाए।शनिवार सुबह स्थानीय पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने सड़क निर्माण स्थल पहुंचकर प्रभावित आदिवासी परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि आदिवासी परिवारों की चिंता बिल्कुल जायज है।
पूर्व में कई जगहों पर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी लोगों को मुआवजा नहीं मिल पाया है, इसलिए प्रशासन को इस मामले में जल्द संज्ञान लेना चाहिए।उन्होंने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार यह जमीन बेंगाबाद अंचल के करणपुरा पंचायत अंतर्गत मौजा कारीचट्टान में स्थित है, जो खाता संख्या 10 तथा प्लॉट संख्या 113, 214 और 241 में दर्ज है। उक्त जमीन का मूल खतियान रामसाय मांझी के नाम से है।प्रभावित परिवारों के साथ चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि यदि प्रशासन ने जल्द ही मुआवजा भुगतान सुनिश्चित नहीं किया तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे।इस मौके पर मुआवजा के हकदार चुड़का चौड़े, दुर्गा चौड़े, बाबूलाल चौड़े, मुंशी चौड़े, जीवन चौड़े, नुनुलाल चौड़े, सीतालाल चौड़े, मनोज चौड़े, श्यामलाल मरांडी, महेंद्र चौड़े समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।