गिरिडीह में पुलिस लाठीचार्ज से भड़के सफाईकर्मी, काम ठप कर किया हंगामा।
SHIKHAR DARPANThursday, March 05, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
होली के मौके पर कथित पुलिस लाठीचार्ज को लेकर नगर निगम के सफाईकर्मियों और स्थानीय महिलाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। आरोप है कि होली खेल रही महिलाओं पर गिरिडीह नगर थाना पुलिस द्वारा लाठी चलाने के बाद मामला भड़क गया। इसके विरोध में सफाईकर्मियों ने गुरुवार को काम ठप कर नगर निगम में हंगामा किया।बताया जा रहा है कि होली के दिन मुहल्ले का एक युवक बाइक में तेज साइलेंसर लगाकर घूम रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसे रोककर हिरासत में ले लिया। युवक को छुड़ाने के लिए हरिजन मुहल्ले की कुछ महिलाएं गिरिडीह नगर थाना पहुंचीं। महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने युवक को छोड़ने की मांग की तो ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों ने उन्हें वहां से जाने को कहा।
विरोध करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई सफाईकर्मी और महिलाएं घायल हो गईं।महिलाओं का यह भी आरोप है कि कुछ देर बाद पुलिस जवान उनके मुहल्ले में पहुंचे और कई महिलाओं तथा युवकों के साथ मारपीट की। घटना में घायल कुछ लोगों का इलाज सदर अस्पताल गिरिडीह में चल रहा है।घटना की जानकारी मिलने के बाद वार्ड पार्षद सैफ अली गुड्डू मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि सफाईकर्मियों ने विरोध स्वरूप गुरुवार को सफाई कार्य ठप रखने का निर्णय लिया, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।