गिरिडीह में होली का पर्व मातम में बदला, चेक डैम में डूबने से दो किशोरों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम।
SHIKHAR DARPANWednesday, March 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड के गिरिडीह जिले में होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब चेक डैम में नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना जमुआ प्रखंड अंतर्गत चांदडीह स्थित संगम घाट गोदावरी नदी के पास बने चेक डैम की है।जानकारी के अनुसार, चतरो गांव निवासी संजय साव के 18 वर्षीय पुत्र करन साव और कृष्णा विश्वकर्मा के 17 वर्षीय पुत्र दीपक विश्वकर्मा अपने साथियों के साथ होली खेलने के बाद नहाने के लिए संगम घाट गोदावरी नदी गए थे। इसी दौरान नहाते-नहाते दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।साथ में मौजूद साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों गहरे पानी में समा चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से युवकों को ढूंढने का प्रयास शुरू किया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने दोनों को चेक डैम के गहरे पानी से बाहर निकाला।इसके बाद दोनों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इधर स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर एनडीआरएफ या प्रशिक्षित बचाव दल मौके पर पहुंच जाता, तो संभवतः दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों से इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।