महिलाओं को सिर्फ 8 मार्च को ही एकत्रित नहीं होकर 365 दिन हक की लड़ाई लड़नी होगी- जयंती चौधरी।
SHIKHAR DARPANSunday, March 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
ऑल इंडिया प्रोग्रेसिव विमेंस एसोसिएशन (एप्वा) की ओर से गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के मुफ्फसिल इलाके महुवाटांड़ और शहरी क्षेत्र हरिचक में महिलाओं के हक और अधिकार को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व एप्वा की राज्यस्तरीय नेत्री जयंती चौधरी, राज्य नेत्री पूनम महतो और जिला परिषद सदस्या पिंकी भारती ने किया।बैठक को संबोधित करते हुए जयंती चौधरी ने कहा कि महिलाओं को सिर्फ 8 मार्च को ही एकत्रित होकर कार्यक्रम करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उन्हें अपने अधिकार और बराबरी के लिए पूरे 365 दिन संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि बिना संघर्ष के महिलाओं को सड़क से लेकर सदन तक उनका हक नहीं मिलेगा। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर अपने अधिकार के लिए आगे आने का आह्वान किया।राज्य नेत्री पूनम महतो ने कहा कि महिलाओं को अपने हक और अधिकार की आवाज खुद उठानी होगी और इसके लिए एप्वा हमेशा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आज भी कई फैक्ट्रियों में महिलाओं को पुरुषों की तुलना में कम मजदूरी दी जाती है, जो सरासर अन्याय है।
इस असमानता के खिलाफ भी संगठित होकर लड़ाई लड़नी होगी।जिला परिषद सदस्या पिंकी भारती और शहरी क्षेत्र की एप्वा नेत्री प्रियंका उपाध्याय ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए गिरिडीह के हर क्षेत्र में संगठित प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकारें महिलाओं के लिए कई योजनाएं बनाती हैं, लेकिन उसका लाभ धरातल पर सभी तक नहीं पहुंच पाता, इसलिए महिलाओं को अपने अधिकार के लिए सवाल पूछना होगा।शाम के समय हरिचक में एप्वा नेत्री प्रीति भास्कर के नेतृत्व में भी बैठक आयोजित की गई, जिसमें नमिता, रूपा, मुन्नी देवी, साबो देवी, सुनीता, हेमंती, सिमरन और प्रमिला सहित कई महिलाओं ने भाग लिया और महिलाओं के अधिकारों पर चर्चा की गई।इस दौरान एप्वा संगठन में कई नई महिलाओं को सदस्य बनाया गया, जिनमें निमिया देवी, तोत्वा देवी, जमनी देवी, अनीता देवी, लीला देवी, करमी देवी, रावड़ी देवी, पार्वती देवी, गोरी देवी, औलिया देवी, पांची देवी, कुर्मीनी देवी और सुनीता देवी शामिल हैं।कार्यक्रम में माले नेता पूरन महतो, राजेश सिन्हा, कन्हाई पांडेय, मसूदन कोल, किशोर राय, भीम कोल, मनोज यादव सहित कई लोग मौजूद थे।