आत्मसमर्पण पॉलिसी को लेकर पुलिस पहुँची 1 करोड़ इनामी नक्सली मिशिर बेसरा के घर।
SHIKHAR DARPANTuesday, March 17, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को हरलाडीह ओपी क्षेत्र के नक्सल प्रभावित मदनाडीह गांव में पुलिस टीम ने सघन दौरा किया। इस दौरान एएसपी अभियान सुरजीत कुमाए एवं डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। टीम ने हार्डकोर नक्सली 1 करोड़ इनामी जोनल कमिटी सदस्य मिशिर बेसरा के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और उसके बारे में पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि मिशिर बेसरा कई वर्षों से गांव नहीं लौटा है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को सरकार की सरेंडर पॉलिसी के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
एएसपी ने कहा कि भटके हुए लोगों के लिए सरकार ने आत्मसमर्पण नीति बनाई है, जिसका लाभ कई नक्सली उठा चुके हैं। आत्मसमर्पण के बाद उन्हें विभिन्न सुविधाएं भी दी जाती हैं। उन्होंने परिजनों से अपील किया है कि किसी भी प्रकार की जरूरत या जानकारी होने पर वे बेझिझक पुलिस से संपर्क करें। पुलिस हर परिस्थिति में जनता के साथ है। बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मिशिर बेसरा अपने घर मदनाडीह आया हुआ है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव पहुंची, हालांकि इस दौरान कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इस मौके पर डुमरी इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप, हरलाडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद थे ।