Type Here to Get Search Results !

मरांगबुरु पारसनाथ में बहा पर्व की धूम, सीएम सहित कई दिग्गज नेताओं के आगमन की तैयारीयां पूरी।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

प्रकृति, परंपरा और आदिवासी अस्मिता के प्रतीक बहा पर्व को लेकर मरांगबुरु पारसनाथ क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। संथाल आदिवासी संस्कृति के इस अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व के अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना, प्रकृति वंदना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो चुका है। पूरे इलाके में श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण व्याप्त है, वहीं दूर-दराज से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। शुक्रवार को झारखंड के कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक बहा पर्व के अवसर पर मरांगबुरु पारसनाथ पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

उनके संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।बाहा पर्व के दौरान पारंपरिक नृत्य-संगीत, मांदर की थाप, सामूहिक पूजा और प्रकृति संरक्षण का संदेश देने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आदिवासी समाज के युवक-युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत कर अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप दे रहे हैं। यह पर्व प्रकृति, जल-जंगल-जमीन और सामुदायिक एकता के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जाता है, इसलिए स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ शहरों से भी बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हो रहे हैं।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक के उपयोग से बचने और पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना करने का संदेश भी दिया जा रहा है। बहा पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.