खांकी जंगल में पूर्व जिप अध्यक्ष राकेश महतो का अधजला शव बरामदहत्या की आशंका।
SHIKHAR DARPANSaturday, February 21, 2026
0
*आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम; एफएसएल व डॉग स्क्वायड की मदद से जांच तेज।
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी फुसरो रोड स्थित खांकी जंगल में शनिवार सुबह झामुमो नेता सह पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की खबर आग की तरह फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।घटना से आक्रोशित लोगों ने जघन्य हत्या के विरोध में घटनास्थल के समीप डुमरी फुसरो रोड को जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुमित प्रसाद, पुलिस इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार एवं डुमरी थाना प्रभारी प्रणीत पटेल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। जांच के लिए खोजी कुत्ता, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को जलाने का प्रयास किया गया है। घटनास्थल पर शव के पास एक बाइक खड़ी मिली है। ब्लड सैंपल सहित अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।बताया जाता है कि मधगोपाली पंचायत के दोमुहान घुटवाली निवासी राकेश महतो 20 फरवरी की सुबह बाइक से घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी थी। शनिवार सुबह जब लोग टहलने के लिए जंगल की ओर गए तो उन्होंने एक बाइक खड़ी देखी और पास में एक अधजला शव पड़ा पाया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस और ग्रामीणों को दी गई।घटना के बाद मृतक की पत्नी गीता देवी, पुत्र-पुत्री एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में इस निर्मम हत्या की व्यापक भर्त्सना हो रही है और लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
*एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि पूर्व जिप अध्यक्ष राकेश महतो का अधजला शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि शव के पास बाइक मिली है और उसे जलाने का प्रयास किया गया है। विभिन्न साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से अनुसंधान कर रही है।