Type Here to Get Search Results !

जीवित व्यक्ति को मृत दिखाकर जमीन बिक्री का आरोप, अधिवक्ता ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

डुमरी प्रखंड निवासी अधिवक्ता अशोक कुमार जैन ने भू-माफियाओं पर उनके बड़े भाई का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर जमीन बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने गिरिडीह उपायुक्त समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, उनके बड़े भाई दिनेश चंद जैन जीवित हैं और वर्तमान में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अंतर्गत भिलाई में रह रहे हैं। इसके बावजूद साजिश के तहत वर्ष 2014 में उनका कथित फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया गया और उसी आधार पर डुमरी अंचल क्षेत्र की जमीन अवैध रूप से बेच दी गई। आरोप है कि मधुबन निवासी यतेंद्र कुमार जैन को दिनेश जैन का पोता बताकर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई, जबकि दोनों के बीच किसी प्रकार का पारिवारिक संबंध नहीं है।

मामले में मधुबन पंचायत सचिव दिनेश्वर महतो ने स्पष्ट कहा कि संबंधित तिथि पर उनके पंचायत कार्यालय से कोई मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया था और प्रस्तुत दस्तावेज प्रथम दृष्टया फर्जी प्रतीत होता है।इस खुलासे के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। अधिवक्ता अशोक कुमार जैन ने प्रशासन से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल अंचल कर्मियों, रजिस्ट्री से जुड़े व्यक्तियों और कथित भू-माफियाओं की गहन जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में इसी तरह की अन्य धोखाधड़ी की आशंका भी जताई जा रही है, जिसे लेकर आगे और खुलासे संभव बताए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.