पीरटांड प्रखंड के पालगंज स्थित चांदनी चौक के समीप मनरेगा योजना के तहत लगाए गए बागवानी क्षेत्र में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग लगने की इस घटना में कई पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो गए, जिससे लाभुक को काफी नुकसान हुआ है।पीड़िता शिला देवी,पति स्व० रामनारायण बर्णवाल ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत उन्होंने बागवानी का कार्य कराया था। उनके अनुसार कुछ शरारती तत्वों द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई है।
उन्होंने आशंका जताई कि आसपास के ही कुछ लोगों द्वारा यह हरकत की गई होगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।इस संबंध में शिला देवी ने पीरटांड बीडीओ एवं पीरटांड थाना को लिखित सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।