Type Here to Get Search Results !

मधुबन में श्री सम्मेद शिखर वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव के तृतीय दिवस भव्य जिनवाणी पालकी यात्रा ।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता । 

जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मधुबन स्थित ऐतिहासिक श्री सम्मेद शिखर जी में चल रहे चार दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा मंगल महोत्सव के तृतीय दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से ओतप्रोत भव्य जिनवाणी पालकी यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए हजारों गुरु भक्तों की उपस्थिति ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।शाश्वत सिद्ध क्षेत्र श्री सम्मेद शिखर जी में श्री तारण तरण दिगंबर जैन चैत्यालय के निमित्त आयोजित इस महोत्सव में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अमेरिका और लंदन से भी बड़ी संख्या में गुरु भक्त पहुंचे।  विशाल जिनवाणी चल समारोह में 10 हजार से अधिक गुरु भक्तों ने सम्मेद शिखर जी का भ्रमण करते हुए जिनशासन की मंगल प्रभावना की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः सामायिक, ध्यान एवं चैत्यालय से प्रभातफेरी के साथ हुई। 

इसके पश्चात मंत्रजाप, श्री तारण त्रिवेणी पाठ, भाव पूजा, श्री मंदिर विधि एवं वेदी सूतन के महत्व पर प्रवचन आयोजित किए गए। बाद में वेदी सूतन समारोह, आनंद उत्सव तथा संध्या में तिलकोत्सव महोत्सव के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन किया गया।चल समारोह चैत्यालय जी पहुंचने पर सौभाग्यशाली परिवारों द्वारा स्वर्ण ध्वजा एवं कलशों को शिखरों पर विराजमान किया गया, जिससे उन्होंने पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान सकल तारण समाज ने सामूहिक भक्ति भाव के साथ जिनशासन की मंगल कामना की।कार्यक्रम में पधारे सभी गुरु भक्तों का आत्मीय अभिनंदन समिति अध्यक्ष पहलाद किशोर जैन, महामंत्री सुभाष दिगंबर, सेठ निर्मल जैन, प्रमेंद्र जैन, ऋषभ जैन सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया।पूरे आयोजन में भक्ति, अनुशासन और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे मधुबन का वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो उठा।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.