पीरटांड़ प्रखंड बना लूट का अड्डा, अनियमितताओं की जांच कर होगा खुलासा : राजेश सिन्हा।
SHIKHAR DARPANSaturday, February 14, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड में विकास कार्यों में अनियमितता को लेकर माले नेताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि प्रखंड में लूट की छूट नहीं दी जाएगी और कई कार्यों की जल्द जांच कर सच्चाई उजागर की जाएगी। वहीं माले सदस्य विमल कुमार सिन्हा ने ग्रामीणों को एकजुट होने की जरूरत बताते हुए कहा कि क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ संगठित संघर्ष जरूरी है। विमल कुमार सिन्हा ने गिरिडीह स्थित माले जिला मुख्यालय में लिखित शिकायत देकर बताया कि पीरटांड़ प्रखंड, खुखरा पंचायत और +2 हाई स्कूल बरियारपुर सहित कई स्कूलों के भवन निर्माण कार्यों में अनियमितता की जानकारी मिली है। उनका आरोप है कि ग्रामीणों द्वारा विरोध के बावजूद संवेदक दोबारा काम शुरू कर देते हैं, जिससे समस्या का समाधान आवश्यक हो गया है।
राजेश सिन्हा ने कागजात और कार्यस्थल की तस्वीरें देखने के बाद कहा कि टेंडर के स्टीमेट में चिमनी ईंट का प्रावधान है, जबकि निर्माण में लोकल ईंट का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागीय जांच नहीं होने पर डीसी को लिखित आवेदन दिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पीरटांड़ और मधुबन क्षेत्र में सरकारी कार्यों की निगरानी नहीं हो रही है। सत्ता परिवर्तन के बावजूद भ्रष्टाचार चरम पर है और ग्रामीणों में भय का माहौल बनाया जाता है। माले की ओर से जल्द पुलिस अधीक्षक से महिलाओं की टीम मिलकर समस्याएं रखेगी तथा पूरे क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। माले नेताओं ने बताया कि जल्द बड़ी बैठक कर हर मुद्दे पर चर्चा की जाएगी और घर-घर सदस्यता अभियान चलाकर छात्र, किसान, मजदूर व प्रवासी मजदूरों को संगठन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता पूरन महतो के मार्गदर्शन में आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी और आने वाले समय में व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।