Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में चुनाव से पहले सियासी पारा हाई, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी को जिला सीमा पर रोका।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शनिवार शाम प्रचार समाप्ति के बाद कांग्रेस नेता व गोड्डा के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी को प्रशासन ने जिला सीमा पर रोक दिया। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने इसे भाजपा और अन्य दलों की साजिश करार दिया है।जानकारी के अनुसार, प्रचार का समय खत्म होने के बाद फुरकान अंसारी पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी समीर राज चौधरी के समर्थन में गिरिडीह शहर पहुंच रहे थे। बेंगाबाद से आगे खंडोली के समीप प्रशासन ने उनके काफिले को रोक लिया। अधिकारियों ने आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी और एक होटल में ठहराया।

होटल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, अजय सिन्हा मंटू और मेयर प्रत्याशी समीर राज चौधरी समेत अन्य नेताओं ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान फुरकान अंसारी ने कहा, “गिरिडीह प्रशासन ने मुझे शहर जाने से रोका और डिटेन कर लिया। यह कांग्रेस की लोकप्रियता से घबराकर भाजपा व अन्य पार्टियों के इशारे पर की गई कार्रवाई है। सोशल मीडिया पर मेरा कार्यक्रम वायरल होने के बाद से ही यह साजिश रची गई।”कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने भी प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी नेताओं को लगातार रोका और दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए प्रशासन से स्पष्ट जवाब की मांग की।फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, चुनाव को देखते हुए जिला सीमा पर सख्ती बढ़ा दी गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.