गिरिडीह में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANTuesday, February 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार द्वारा मंगलवार को एक प्रेस वार्ता आयोजन कर साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई। इस दौरान उन्होंने बताया कि साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 16 फरवरी को प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांडेय प्रखंड के ताराटांड थाना क्षेत्र के बड़कीबाद से जबरदाहा जाने वाली सड़क किनारे कुछ संदिग्ध युवक फोन के जरिए ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर साइबर थाना टीम ने छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष मंडल (27 वर्ष), रंजीत कुमार मंडल (26 वर्ष) और रामेश्वर मंडल उर्फ रमेश मंडल (29 वर्ष) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न बैंकों के नाम से फर्जी APK फाइल भेजकर खुद को बैंक अधिकारी बताकर आम लोगों को झांसे में लेते थे और साइबर ठगी को अंजाम देते थे।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि रंजीत कुमार मंडल के मोबाइल नंबर पर तीन ऑनलाइन शिकायतें पहले से दर्ज हैं, जबकि रामेश्वर मंडल पूर्व में जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 15/2023 में जेल जा चुका है और उसके मोबाइल नंबरों से विभिन्न राज्यों में कुल 26 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।इस कार्रवाई में साइबर डीएसपी आबिद खान, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, पु० नि० साइबर दिनेश कुमार,चन्द्रनाथ उरांव सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और साइबर अपराध पर सख्ती से नकेल कसने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है