तिसरी थाना क्षेत्र में अवैध चुलाई शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 210 लीटर शराब जब्त।
SHIKHAR DARPANFriday, February 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नगर निगम निर्वाचन को देखते हुए प्रशासन अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में गिरिडीह उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर तिसरी थाना क्षेत्र के खीरोद एवं गूँगी गांव में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई 13 फरवरी की रात 01:10 बजे से 03:20 बजे के बीच चली।छापामारी के दौरान टीम ने अवैध चुलाई शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले उपकरण, जावा महुआ तथा शराब बनाने वाली भट्टी को मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब भी बरामद की गई। इस दौरान जब्त सामग्री में लगभग 1450 किलोग्राम जावा महुआ और 210 लीटर अवैध चुलाई शराब शामिल है।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब कारोबार से जुड़े दो अभियुक्तों के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस पूरे अभियान का नेतृत्व अवर निरीक्षक उत्पाद रवि रंजन ने किया। छापामारी में जिला बल तथा गृह रक्षक जवानों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।