Type Here to Get Search Results !

दुबई में फंसे झारखंड के 14 प्रवासी मजदूर, तीन माह से बिना वेतन, सरकार से वतन वापसी की गुहार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड के प्रवासी मजदूरों के विदेश में फंसने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिले के कुल 14 मजदूर दुबई में कंपनी के शोषण का शिकार हो गए हैं। मजदूरों का आरोप है कि संबंधित कंपनी न तो उन्हें समय पर काम दे रही है और न ही बीते तीन महीनों से वेतन का भुगतान किया गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि मजदूरों को रहने और खाने तक के लाले पड़ गए हैं।दुबई में फंसे मजदूरों ने एक वीडियो जारी कर अपनी दर्दभरी कहानी सामने रखी है। वीडियो में मजदूरों ने केंद्र और राज्य सरकार से हस्तक्षेप कर सकुशल भारत वापस लाने की गुहार लगाई है। यह वीडियो प्रवासी मजदूरों के हित में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली को भेजा गया, जिन्होंने इसे मीडिया के साथ साझा किया।सिकंदर अली ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। बेहतर कमाई के लालच में मजदूर विदेश तो चले जाते हैं, लेकिन वहां पहुंचकर उन्हें शोषण का सामना करना पड़ता है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार से कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप कर मजदूरों की तत्काल सहायता और वतन वापसी की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी कई मामलों में काफी मशक्कत के बाद मजदूरों को वापस लाया गया, लेकिन ऐसी घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया जा रहा है।

इस बीच एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मधगोपाली पंचायत (दूधपनिया गांव) निवासी विजय कुमार महतो की 23 अक्टूबर 2025 को सऊदी अरब में मौत हो गई थी। हैरानी की बात यह है कि तीन माह बीत जाने के बावजूद न तो उनका शव भारत लाया जा सका है और न ही परिजनों को कोई मुआवजा मिला है।दुबई में फंसे मजदूरों में गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के चिचाकी निवासी रोशन कुमार और अजय कुमार, बगोदर थाना क्षेत्र के तिरला निवासी राजेश महतो, मंडरो और डुमरडेली के अजय कुमार शामिल हैं। वहीं बोकारो जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के कंजकीरो निवासी डालेश्वर महतो भी दुबई में फंसे हुए हैं।हजारीबाग जिले से बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के खेदाडीह निवासी जागेश्वर महतो और फालेन्द्र महतो, सिरैय के बैजनाथ महतो, पारजोरिया के दिलीप महतो, गंगाधर महतो और त्रिलोकी महतो, चकचुको बसरिया के दीपक कुमार तथा गोरहर थाना क्षेत्र के गोरहर निवासी रोहित महतो और सेवा महतो शामिल हैं।बताया गया कि ये सभी मजदूर अक्टूबर 2025 में ईएमसी कंपनी में ट्रांसमिशन लाइन का काम करने दुबई गए थे, लेकिन कंपनी ने पिछले तीन महीनों से किसी को वेतन नहीं दिया है। भूखे-प्यासे और परेशान मजदूर अब सिर्फ मदद और सुरक्षित वापसी की आस लगाए बैठे हैं।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.