Type Here to Get Search Results !

वन कर्मियों व परिजनों के लिए फॉरेस्ट मीट का आयोजन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू हुए शामिल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

वन विभाग गिरिडीह द्वारा वन कर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए गंगापुर स्थित उसरी फॉल में पिकनिक-सह-मिलन समारोह सह फॉरेस्ट मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वन संरक्षक सह वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार तिवारी की पहल पर किया गया, जिसमें जिले भर के वन कर्मी और उनके परिवारजन शामिल हुए। इस अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका पारंपरिक झारखंडी तरीके से स्वागत किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य वन कर्मियों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना, उनकी कार्यदबाव भरी दिनचर्या के बीच परिवार संग सुकून के पल उपलब्ध कराना तथा विभागीय कार्यों और फील्ड में आने वाली चुनौतियों से मंत्री को अवगत कराना रहा।मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। 

उन्होंने कठिन परिस्थितियों में कार्यरत वन कर्मियों के योगदान को भी सराहा। वन संरक्षक मनीष कुमार तिवारी ने पीपीटी के माध्यम से विभाग द्वारा किए जा रहे इको-टूरिज्म, जल एवं भू-संरक्षण, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन “वन विभाग परिवार” की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक प्रयास है। वन प्रमंडल पदाधिकारी गिरिडीह पश्चिमी अंकित कुमार सिंह ने वन अग्नि एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष पर जानकारी दी। गिरिडीह वन निगम के डीएम श्रीनिवास दुबे ने वनों के माध्यम से आजीविका विकास पर प्रकाश डाला। वहीं वन क्षेत्र पदाधिकारी संजीव कुमार रवि ने वन अपराध, अतिक्रमण और वन संसाधनों की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा की। झारखंड राज्य अवर वन सेवा संघ के जिला मंत्री संजय कुमार महतो एवं योगेंद्र प्रसाद ने विभागीय कार्यों में आने वाली समस्याओं को मार्मिक रूप से रखा।

कार्यक्रम के दौरान सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय व्यंजनों का सभी ने आनंद लिया। मंत्री एवं वन संरक्षक ने कर्मियों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

अंत में मनीष कुमार तिवारी ने मंत्री सहित सभी उपस्थित कर्मियों एवं उनके परिवारों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.