Type Here to Get Search Results !

खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में पत्थर/बोल्डर लदे कुल तीन हाईवा वाहनों को पकड़ा गया।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ अनिमेष रंजन के नेतृत्व में अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में धनवार अंचल अंतर्गत घोड़थम्बा ओ.पी. क्षेत्र में गिरिडीह–कोडरमा मुख्य मार्ग पर सघन जांच की गई। जांच के दौरान बिना वैध चालान एवं ओवरलोडिंग की स्थिति में पत्थर/बोल्डर लदे कुल तीन हाईवा वाहनों को पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि संबंधित वाहनों के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात उपलब्ध नहीं थे, साथ ही वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर परिचालित किए जा रहे थे।नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन द्वारा तीनों वाहनों को जब्त कर घोड़थम्बा ओ.पी. को सुपुर्द किया गया तथा अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ अनिमेष रंजन ने कहा कि अवैध खनन, बिना वैध चालान खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग से न केवल सरकारी राजस्व की क्षति होती है, बल्कि सड़क सुरक्षा एवं आमजन की जान-माल के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने हेतु प्रशासन द्वारा आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा।उन्होंने वाहन मालिकों एवं परिवहनकर्ताओं से अपील की कि खनिज परिवहन से पूर्व सभी वैध दस्तावेज सुनिश्चित करें तथा निर्धारित भार सीमा का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खनिज अधिनियम एवं मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.