भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू कल पीरटांड में किसान चौपाल में होंगे शामिल।
SHIKHAR DARPANFriday, January 23, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद आदित्य साहू शनिवार को पहली मर्तबा पीरटांड प्रखंड के कुम्हरलालो आ रहे हैं। इस दौरान वे आयोजित किसान चौपाल में भाग लेंगे और किसानों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। किसान चौपाल की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कमेटी से लेकर प्रखंड कमेटी तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जुटे हुए हैं। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जगह-जगह तोरणद्वार,बैनर-पोस्टर, पार्टी के झंडे लगाए गए हैं, वहीं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी जोर-शोर से की जा रही हैं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा शहरी क्षेत्र के जिला अध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, भाजपा नेता चुन्नू कांत, शरद भक्ति, श्याम प्रसाद, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अजय सिंह, अरविंद बर्नवाल, संतोष राणा,भोला वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि किसान चौपाल के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष किसानों की समस्याओं को सीधे सुनेंगे और उनके समाधान को लेकर सार्थक पहल की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके लिए शरत भक्त को संयोजक एवं श्याम प्रसाद को सह संयोजक बनाया गया है ।