खरपोका जामा मस्जिद की ढलाई में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, अस्पताल की घोषणा, भाजपा पर साधा निशाना।
SHIKHAR DARPANSunday, January 25, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
खुखरा थाना क्षेत्र के खरपोका में निर्माणाधीन जामा मस्जिद की ढलाई को लेकर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी शामिल हुए। मंत्री ने ढलाई कार्य में भाग लिया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। सुबह से ही मस्जिद की ढलाई का कार्य जारी था। दोपहर करीब एक बजे मंत्री के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड में मुस्लिम आबादी करीब 18 प्रतिशत है, इसके बावजूद उनसे प्रमाण पत्र मांगे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे हालात झारखंड में नहीं चलने दिए जाएंगे। सभी से एकजुट रहने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि एकता में ही ताकत है और जब समाज एकजुट रहता है तो कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को जो अधिकार और सम्मान दिया है, वह कोई और नहीं दे सकता।इसके बाद मंत्री मस्जिद मदरसा पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों से मुलाकात की और उन्हें नकद सहयोग दिया। इस दौरान बच्चों से कुछ सवाल भी पूछे गए, जिनका संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तालीम दे रहे मौलाना को शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
मीडिया से बातचीत में इरफान अंसारी ने कहा कि पहले पीरटांड़ आने को लेकर मन में आशंका थी, लेकिन यहां आने के बाद उन्हें लोगों का भरपूर प्यार मिला। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए खरपोका में एक अस्पताल खोलने की घोषणा की और कहा कि पीरटांड़ प्रखंड के सभी अस्पतालों में जल्द ही स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।मधुपुर के लालपुर विवाद पर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि अब वहां का मामला पूरी तरह सुलझ चुका है।
फिलहाल वहां कोई विवाद नहीं है और सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्वक रह रहे हैं।उल्लेखनीय है कि खरपोका में पुराने छोटे मस्जिद को तोड़कर नए और बड़े जामा मस्जिद का निर्माण किया जा रहा है। रविवार को इसी मस्जिद की ढलाई का कार्य संपन्न हुआ, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री की मौजूदगी से कार्यक्रम में खासा उत्साह देखा गया। मौके पर सदर खुर्शीद अंसारी, यूसुफ अंसारी, झामुमो प्रखंड सचिव अख्तर अंसारी, मुखिया तनवीर आलम, नूरूल हसन, मोहम्मद एहसान, सदाकत अली, शबीर बक्शी, इमामुल अली, मेराज अंसारी, अताउल अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।