गिरिडीह पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का जोरदार स्वागत, हेमंत सरकार पर साधा निशाना।
SHIKHAR DARPANSaturday, January 24, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू शनिवार को गिरिडीह पहुंचे, जहां उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया गया। गिरिडीह जिला में प्रवेश करते ही डुमरी और पीरटांड में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। इसके बाद पपरवाटांड में एक विशाल सभा का आयोजन किया गया।सभा स्थल पर जमुआ विधायक मंजू कुमारी, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, जयप्रकाश वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। युवा मोर्चा की ओर से मिथुन चन्द्रवंशी और विवेक गुप्ता ने उन्हें बड़ी माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान तलवार भेंट कर भगवा अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया गया।सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। बिना नाम लिए उन्होंने नगर विकास मंत्री समेत झामुमो और कांग्रेस के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि जिस दिन झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी, उसी दिन हेमंत सरकार के कई मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाएंगे। यह तय है और इसे कोई रोक नहीं सकता।आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा हेमंत सरकार में शामिल कांग्रेस और झामुमो के मंत्रियों की सूची तैयार कर रही है, जिन्होंने झारखंड को लूटा है। सूची तैयार होते ही ऐसे मंत्रियों का जेल जाना तय है। उन्होंने दावा किया कि पूरे राज्य की जनता हेमंत सरकार से परेशान है।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जीरामजी बिल का विरोध केवल इसलिए कर रही है क्योंकि इससे कांग्रेस शासित राज्यों में होने वाली लूट पर रोक लगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की नीतियों से महिलाओं और मजदूरों को 100 दिनों से अधिक रोजगार मिलेगा।
निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से तैयार रहने का आह्वान किया और कहा कि इस चुनाव में झामुमो और कांग्रेस को आईना दिखाना है, क्योंकि हेमंत सरकार में राज्य की दुर्दशा अब किसी से छिपी नहीं है।सभा में महानगर अध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, विकास प्रीतम, बालमुकुंद सहाय, दिलीप वर्मा, शालिनी वैशखियार, विनीता कुमारी, संदीप डंगाईच, रंजन सिन्हा, कामेश्वर पासवान, मेयर सुनील पासवान सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।सभा के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कर्पूरी ठाकुर चौक पर उनकी जयंती के अवसर पर माल्यार्पण किया। इसके अलावा शहर के अंबेडकर चौक पर भी उन्होंने माल्यार्पण किया।