Type Here to Get Search Results !

मेहनत की मिसाल बने नितीन कुमार,सीआरपीएफ में चयन से गांव में खुशी की लहर।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत चिलगा पंचायत के  बरदही गाँव स्थित खरगीपहरी निवासी लक्ष्मण तुरी के पुत्र नितीन कुमार का केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में चयन होने से पूरे गांव में हर्ष और गर्व का माहौल है।नितीन एक गरीब मजदूर परिवार से आते हैं, जहां रोजी-रोटी के लिए कड़ी मेहनत और संघर्ष ही जीवन का आधार रहा है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद नितीन ने मजदूरी करते हुए खुद की पढ़ाई जारी रखी और अपने मजबूत इरादों के बल पर यह बड़ी सफलता हासिल की। नितीन की इस उपलब्धि को गांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया जा रहा है। उनके चयन की खबर मिलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई देते नजर आए।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने नितीन के घर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से पीरटांड़ प्रमुख सविता टुडु, पालगंज पंचायत समिति सदस्य योगेंद्र तिवारी, प्रमुख पति मनोज हेंब्रम, चिलगा मुखिया सोमी देवी, पंचायत समिति सदस्य नवीन सिंह, मुखिया पति संजय मरांडी, वार्ड सदस्य बबलु सिंह, दिगम्बर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नितीन की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। नितीन कुमार ने न सिर्फ अपने परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.