Type Here to Get Search Results !

बेंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवददाता।

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडोली मोड़ के पास मधवाडीह में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पहचान राजेश साव उर्फ टिंकू साव (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जेरूआडीह पंचायत के डाकबंगला पिरहाकट्टा गांव का निवासी था और डाकबंगला चौक पर किराना दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।मिली जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पूर्व राजेश की शादी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शीतलपुर में हुई थी। गुरुवार की शाम वह अपनी पत्नी को शीतलपुर स्थित मायके छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था।

इसी दौरान गिरिडीह–महेशमुंडा मुख्य मार्ग पर मधवाडीह के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वह मौके पर ही लहूलुहान अवस्था में पड़ा रहा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस को सूचित किया।एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.