किसानों से ठगी करने वाले दो नटवरलाल गिरफ्तार, एक पारा शिक्षक भी शामिल।
SHIKHAR DARPANWednesday, January 21, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह नगर थाना पुलिस ने किसानों से कृषि यंत्र दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में डुमरी थाना क्षेत्र के खुद्दीसर निवासी सुनील वर्मा और धर्मेंद्र वर्मा शामिल हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि ठगी का मास्टरमाइंड सुनील वर्मा खुद एक पारा शिक्षक है।बुधवार को नगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी नीरज सिंह और थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी किसानों को सरकारी योजना के तहत कृषि यंत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की ठगी करते थे।डीएसपी नीरज सिंह ने बताया कि सुनील वर्मा की पहचान एक शिक्षक के रूप में होने के कारण किसानों का उस पर आसानी से भरोसा हो जाता था।
दोनों आरोपी अलग-अलग इलाकों में किसानों से मुलाकात कर सौदे तय करते थे, जबकि लेन-देन अधिकतर शहर के क्षेत्रों में किया जाता था। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार अब तक करीब 100 किसानों से ठगी किए जाने की बात सामने आई है। ठगी को अंजाम देने के लिए सुनील वर्मा अपने रिश्तेदारों का भी सहयोग लेता था। पंचायत सचिवालय और प्राथमिक विद्यालयों के बोर्ड पर अंकित अध्यक्ष व सदस्यों के मोबाइल नंबर के माध्यम से किसानों से संपर्क किया जाता था और उन्हें अपने जाल में फंसाया जाता था।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और ठगी से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी योजना या यंत्र वितरण के नाम पर पैसे देने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें।