बोकारो रेंज के आईजी सुनील भास्कर पहुंचे गिरिडीह, पुराने पुलिस लाइन में मिला गार्ड ऑफ ऑनर।
SHIKHAR DARPANWednesday, January 21, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुनील भास्कर शुक्रवार को गिरिडीह पहुंचे। उनके आगमन पर बरवाडीह स्थित पुराने पुलिस लाइन (एसडीपीओ कार्यालय परिसर) में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।गार्ड ऑफ ऑनर के पश्चात गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव सहित जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने आईजी सुनील भास्कर का स्वागत किया। इसके बाद आईजी ने एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया और पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान आईजी सुनील भास्कर ने जिले में लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस–पब्लिक संबंधों को और अधिक मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए आम जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने की बात कही।इसके अलावा आईजी ने महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने, आर्थिक अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई करने तथा अपराधियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार, एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव समेत जिले के कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।