सुरंगवा जंगल से युवक का शव बरामद, करंट लगने से मौत की आशंका – दो लोग हिरासत में।
SHIKHAR DARPANSaturday, November 08, 2025
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
तिसरी थाना क्षेत्र के गड़ाकुरा गांव में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब 48 घंटे से लापता विनोद मरांडी का शव सुरंगवा जंगल से बरामद किया गया। मृतक की पहचान रघु मरांडी के पुत्र विनोद मरांडी के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम विनोद घर से निकला था, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, जिसके दौरान सबसे पहले उसकी बाइक जंगल किनारे झाड़ियों में मिली। इसके बाद आशंका गहराने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त खोज के बाद जंगल के अंदर विनोद का शव मिला। शव की स्थिति अत्यंत खराब थी और पूरा शरीर करंट से झुलसा हुआ पाया गया।विनोद के साथ गया उसका मित्र लालो मरांडी ने बताया कि दोनों शिकार के उद्देश्य से जंगल जा रहे थे।
रास्ते में खेत के किनारे लगे हाई वोल्टेज तार में विनोद का पैर फंस गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लालो ने बताया कि डर के मारे वह वहां से भागकर गांव पहुंचा और परिजनों को सूचना दी।जांच में सामने आया कि खेत मालिकों ने फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए तार में बिजली प्रवाहित कर रखी थी। इस मामले में पुलिस ने बरवाडीह निवासी बढ़न महतो (पिता स्व. तुलो महतो) और नारायण यादव (पिता स्व. बालेश्वर यादव) को हिरासत में लिया है।वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए तिसरी थाने में आवेदन दिया है।एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। उन्होंने कहा कि खेत मालिकों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है और मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।