पीरटांड़ के पालगंज स्थित राजा तालाब में छठ पूजा की तैयारी जोरों पर।
SHIKHAR DARPANSaturday, October 25, 2025
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पूरे प्रखंड में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में पालगंज स्थित ऐतिहासिक राजा तालाब में भी छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। हर साल की तरह इस वर्ष भी यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए भक्त मंडल की और से व्यवस्था को सुचारू बनाने में जुटे हैं। राजा तालाब परिसर में भक्त मंडल की ओर से साफ सफाई अभियान की जा रही है। तालाब के किनारों पर मिट्टी डालकर समतलीकरण का कार्य किया गया है, ताकि व्रती महिलाएं और श्रद्धालु सुरक्षित रूप से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
वहीं, घाट पर टेंट, लाइटिंग, सजावट की समुचित व्यवस्था की जा रही है। भक्त मंडल के संस्थापक अध्यक्ष एस चंद्रा ने बताया कि पिछले 44 वर्षों से भक्त मंडल राजा तालाब में छठ पूजा का आयोजन सामूहिक रूप से कर रहा है, जिससे आसपास के लोग यहां एकत्रित होते हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।श्रद्धालुओं का कहना है कि पालगंज का राजा तालाब छठ पूजा के लिए क्षेत्र का प्रमुख स्थल है, जहां हर वर्ष श्रद्धा, भक्ति और सामूहिकता की अनोखी छटा देखने को मिलती है। छठ पूजा के शुभ अवसर पर भक्त मंडल द्वारा निशुल्क फल एवं अर्घ्य देने का दुध वितरण किया जाता है ।