गिरिडीह में श्याम बाबा के 40वें वार्षिक महोत्सव पर भव्य निशान यात्रा, गूंजे जयकारे।
SHIKHAR DARPANThursday, September 04, 2025
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
कुटिया गली रोड स्थित श्री श्याम सेवा मंडल के तत्वावधान में रविवार को श्याम बाबा के 40वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में करीब 301 निशान थामे भक्तों की टोली शामिल हुई। इस दौरान पूरा माहौल जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा।निशान यात्रा में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक विशेष वाहन पर श्याम बाबा के साथ संकटमोचन हनुमान और भगवान शिव का भव्य दरबार सजा हुआ था।
महिलाएं, युवतियां और युवा सभी बाबा की भक्ति में डूबे नजर आए। वहीं, भक्तों की टोली कंधों पर बाबा श्याम की पालकी लिए आगे बढ़ रही थी। पालकी के नीचे से गुजरने को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।शहर भ्रमण के बाद निशान यात्रा वापस श्याम सेवा मंडल पहुंच कर संपन्न हुई, जहां देर रात तक दरबार सजा। भक्तों ने हाजिरी लगाई और भजनों पर जमकर झूमते रहे। इस दौरान भक्तिरस में सराबोर माहौल अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।